ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 सेक्टर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) डेल्टा-1 के अध्यक्ष प्रमोद भाटी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक (वर्क सर्किल-5) राजेश कुमार नीम को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष ठाकुर विजय सिंह, महासचिव दीवान चंद शर्मा एवं उपाध्यक्ष पंकज नागर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। आरडब्ल्यूए ने ज्ञापन के माध्यम से सेक्टर की प्रमुख समस्याओं की ओर प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में सेक्टर के आवासीय क्षेत्र में कथित रूप से संचालित OYO गतिविधियों, गेट नंबर-4 के निकट रोड साइड अतिक्रमण, सेक्टर के चारों ओर सर्विस रोड निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु तार फेंसिंग, 18 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने तथा टूटी हुई सड़कों की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण सेक्टर के निवासियों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्राधिकरण से मांग की कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो कैप्शन:
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार नीम को ज्ञापन सौंपते हुए आरडब्ल्यूए डेल्टा-1 के अध्यक्ष प्रमोद भाटी, कोषाध्यक्ष ठाकुर विजय सिंह, महासचिव दीवान चंद शर्मा एवं उपाध्यक्ष पंकज नागर।
रिपोर्ट: NEWS 360, ग्रेटर नोएडा



