ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में आवारा एवं कटखने कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले एक सप्ताह के दौरान कुत्तों ने कई बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। इससे पूरे सेक्टर में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) बीटा-1 के अध्यक्ष संगीत शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी एवं कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम तथा सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी को लगातार अवगत कराया है। आरडब्ल्यूए ने मांग की है कि सेक्टर में घूम रहे आवारा कुत्तों और पशुओं को तत्काल पकड़ा जाए।
इस समस्या को लेकर केवल बीटा-1 ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य सेक्टरों के निवासी भी चिंतित हैं। डेल्टा-1 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष प्रमोद भाटी, महासचिव दीवान चंद शर्मा, कोषाध्यक्ष ठाकुर विजय सिंह एवं उपाध्यक्ष पंकज नागर ने भी आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि कई सेक्टरों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में पड़ती जा रही है और लोग सुबह-शाम टहलने तक में डर महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सेक्टरों की गलियों और पार्कों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते हैं तथा कई बार राहगीरों पर हमला कर देते हैं। इससे रेबीज़ जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बना रहता है। अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है, जबकि बुजुर्ग और महिलाएं भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि बीटा-1, डेल्टा-1 समेत ग्रेटर नोएडा के कई सेक्टरों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने प्राधिकरण से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
सेक्टरवासियों का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्राधिकरण को इस दिशा में तत्काल एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
रिपोर्ट: NEWS 360°, ग्रेटर नोएडा




