ग्रेटर नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) के साथ सुरक्षा संबंधी बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। हालांकि, थाना सूरजपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आरडब्ल्यूए अभी भी ऐसी बैठक का इंतजार कर रही हैं।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पुलिस कमिश्नर एवं डीसीपी से अनुरोध किया है कि थाना सूरजपुर क्षेत्र की आरडब्ल्यूए के साथ भी जल्द से जल्द सुरक्षा एवं जनसमस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों की समस्याओं और सुझावों को सीधे पुलिस प्रशासन तक पहुंचाया जा सके।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि नियमित संवाद और समन्वय से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जा सकता है।
प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की है कि पुलिस प्रशासन शीघ्र ही सूरजपुर थाना क्षेत्र की आरडब्ल्यूए के साथ बैठक आयोजित करेगा, जिससे सुरक्षा, यातायात, कानून-व्यवस्था तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।




