सेक्टर डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन पर 'मिशन शक्ति 5.0' पिंक पुलिस बूथ का उद्घाटन, महिलाओं की सुरक्षा को मिलेगा नया बल
ग्रेटर नोएडा (सेक्टर डेल्टा-1), 24 जुलाई 2026।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 मेट्रो स्टेशन पर 'मिशन शक्ति 5.0' के तहत पिंक पुलिस बूथ का उद्घाटन डीसीपी (महिला सुरक्षा) आईपीएस श्रीमती सुनीति द्वारा किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाना तथा उन्हें आवश्यक सुविधाओं के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर डीसीपी श्रीमती सुनीति ने बताया कि पिंक पुलिस बूथ महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए समर्पित रहेगा। यहां महिलाओं के लिए सुरक्षित वेटिंग एरिया, पेयजल, प्रसाधन (शौचालय) तथा शिशुओं को स्तनपान कराने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित और सहज महसूस कर सकें।
उन्होंने बताया कि बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती रहेगी तथा रात्रि के समय पीसीआर वाहन भी यहां मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने उत्तर प्रदेश सरकार और गौतमबुद्ध नगर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन पर पुलिस की नियमित मौजूदगी से सेक्टर डेल्टा-1 और आसपास का क्षेत्र अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी (महिला सुरक्षा) आईपीएस श्रीमती सुनीति, इंस्पेक्टर क्राइम ब्रांच, चौकी प्रभारी मुकुल यादव, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी, उपाध्यक्ष पंकज नागर, कोषाध्यक्ष विजय ठाकुर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं सेक्टरवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: News 360°






