सीएम हेल्पलाइन शिकायत के निस्तारण पर उठे सवाल, डेल्टा-1 आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रेटर नोएडा (सेक्टर डेल्टा-1), 14 जुलाई 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में ग्रीन बेल्ट की टूटी हुई बाउंड्री वॉल को लेकर दर्ज शिकायत के निस्तारण पर आरडब्ल्यूए ने सवाल उठाए हैं। आरडब्ल्यूए का आरोप है कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई (सीएम हेल्पलाइन) पर दर्ज शिकायत का निस्तारण कागजों में दिखा दिया गया, जबकि मौके पर स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी का कहना है कि ग्रीन बेल्ट की टूटी हुई दीवार पिछले करीब तीन माह से क्षतिग्रस्त पड़ी है। इस संबंध में कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की गई और सीएम हेल्पलाइन पर भी मामला दर्ज कराया गया, लेकिन शिकायत का वास्तविक समाधान किए बिना ही उसे निस्तारित दर्शा दिया गया।
सेक्टरवासियों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि शिकायतों का इसी प्रकार कागजी निस्तारण किया जाएगा तो आम नागरिकों का शिकायत निवारण व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कावेरी बिल्डर से जुड़े मामलों में प्राधिकरण अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले का संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का निष्पक्ष और वास्तविक निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही ग्रीन बेल्ट की टूटी हुई दीवार का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की भी मांग की गई है।
रिपोर्ट: News 360°






