डेल्टा-1 में अतिक्रमण हटाने की मांग तेज, आरडब्ल्यूए ने सीईओ से जेसीबी भेजकर कार्रवाई की अपील की

ग्रेटर नोएडा (सेक्टर डेल्टा-1), 13 जुलाई 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 के गेट नंबर-4 के सामने कथित अतिक्रमण को लेकर आरडब्ल्यूए ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिससे सेक्टरवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि गेट नंबर-4 के सामने कावेरी बिल्डर द्वारा किए गए कथित अतिक्रमण के कारण सड़क किनारे पर्याप्त पार्किंग स्थान उपलब्ध नहीं है। इसकी वजह से वाहन सड़क पर ही खड़े किए जाते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और स्थानीय निवासियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि यदि सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण हटा दिया जाए तो वाहन सड़क से नीचे निर्धारित स्थान पर खड़े हो सकेंगे। इससे न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि पार्किंग को लेकर होने वाले रोजाना के विवाद और झगड़ों में भी कमी आएगी।
प्रमोद भाटी का कहना है कि इस मामले में आरडब्ल्यूए द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि से हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई जाए, ताकि सेक्टरवासियों को राहत मिल सके।
आरडब्ल्यूए ने उम्मीद जताई है कि प्राधिकरण इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा और लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान करेगा।
रिपोर्ट: News 360°






