सेक्टर डेल्टा-1 में वृक्षारोपण अभियान, आरडब्ल्यूए और प्राधिकरण ने लगाए छायादार व फूलों के पौधे
ग्रेटर नोएडा (सेक्टर डेल्टा-1), 12 जुलाई 2026

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में रविवार को 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर छायादार पेड़ों एवं फूलों के पौधों का रोपण किया।
अभियान का उद्देश्य सेक्टर में हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया गया।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सेक्टर की सुंदरता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने प्राधिकरण से अनुरोध किया कि भविष्य में ऐसे फलदार एवं देशी प्रजाति के वृक्ष भी लगाए जाएं, जिनके फल पक्षियों और अन्य जीवों के लिए उपयोगी हों। उनका कहना है कि इससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय पर्यावरण भी समृद्ध होगा।
आरडब्ल्यूए ने सेक्टरवासियों से भी पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल में सहयोग करने की अपील की, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
अभियान के दौरान आरडब्ल्यूए महासचिव दीवान शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज नागर, कोषाध्यक्ष विजय ठाकुर, के.के. करवाल, सनी भाटी सहित अन्य सेक्टरवासी भी मौजूद रहे और सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: News 360°






