डेल्टा-1 में क्षतिग्रस्त ड्रेन लाइन बनी खतरा, प्राधिकरण अधिकारियों ने किया निरीक्षण, आरडब्ल्यूए ने शीघ्र मरम्मत की मांग की
ग्रेटर नोएडा (सेक्टर डेल्टा-1), 10 जुलाई 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में सड़क के नीचे से गुजर रही क्षतिग्रस्त ड्रेन लाइन को लेकर स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ गई है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि ड्रेन लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी सड़क के नीचे जमा हो रहा है, जिससे मिट्टी लगातार खोखली होती जा रही है और भविष्य में सड़क धंसने या किसी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतों के बाद प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण भी किया।
अध्यक्ष प्रमोद भाटी का कहना है कि सड़क क्रॉसिंग के नीचे से गुजरने वाली ड्रेन लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है और लगातार रिसाव से सड़क के नीचे की जमीन कमजोर होती जा रही है। उनका दावा है कि सेक्टर के कई अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की स्थिति बनी हुई है।
आरडब्ल्यूए ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस प्रकार की क्षतिग्रस्त ड्रेन लाइनें गंभीर खतरा बन सकती हैं। उन्होंने पूरे सेक्टर की ड्रेनेज व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: News 360°






